आशीष रावत….शनिवार को परासिया थाने में डॉक्टर प्रवीण सोनी और कोल्ड्रिफ सिरप बनाने वाली Sresun Pharmaceutical कंपनी के संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई इसके बाद देर रात पुलिस ने डॉक्टर प्रवीण सोनी को गिरफ्तार कर लिया….

प्रदेश में कफ सिरप से अब तक 14 बच्चों की मौत के बाद हड़कंप मचा हुआ है। बच्चों की मौत का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। छिंदवाड़ा के परासिया उपखंड में 7 सितंबर से अब तक दस बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि जिले भर में मृतक बच्चों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। जांच में कोल्ड्रिफ कफ सिरप में डायएथिलीन ग्लाइकोल की मात्रा अधिक होने की पुष्टि के बाद सरकार और प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। शनिवार देर रात पुलिस ने कफ सिरप लिखने वाले डॉक्टर प्रवीण सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। सरकार ने Coldrif कफ सिरप की बिक्री पर रोक लगा दी है। तमिलनाडु सरकार ने भी शुक्रवार को Coldrif की बिक्री पर बैन लगाया है।

 

शनिवार को ही परासिया थाने में डॉक्टर प्रवीण सोनी और कोल्ड्रिफ सिरप बनाने वाली कंपनी sresun फार्मासूटिकल के संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई को अंजाम देते हुए डॉक्टर प्रवीण सोनी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में ड्रग्स एवं कॉस्मेटिक एक्ट की धारा 27(A), बीएनएस की धारा 105 और 276 के तहत केस दर्ज किया गया है।

 

रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा…..
कप सिरप की जांच रिपोर्ट शनिवार रात को सामने आई । रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ । जांच में सामने आया है कि इस सिरप में खतरनाक जहरीला रसायन मौजूद था । कोल्ड्रिफ (Coldrif) सिरप में 46.2% डायएथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) पाया गया । तमिलनाडु ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट की लैब सिरप की जांच के बाद ये रिपोर्ट जारी की गई । डायएथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) ऐसा जहरीला रसायन, जो आमतौर पर एंटी-फ्रीज और ब्रेक फ्लूइड में इस्तेमाल होता है, किडनी को पूरी तरह तबाह कर देता है । मध्यप्रदेश सरकार ने तत्काल प्रभाव से कोल्ड्रिफ सिरप और कंपनी की सभी दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 6 राज्यों में दवा फैक्ट्रियों की गहन छानबीन शुरू कर दी है । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने छह राज्यों में 19 दवाओं जिनमें कफ सिरप और एंटीबायोटिक शामिल हैं, उनके उत्पादन इकाइयों पर जोखिम आधारित निरीक्षण शुरू कर दिया है ।