( पंकज पाल संवाददाता )
पिपरिया – संकल्प फाउंडेशन द्वारा आज भव्य “संसद कैरियर मार्गदर्शन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया, कार्यक्रम में दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 2200 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया, कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों बड़ी संख्या में उपस्थिति रहे ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद दर्शनसिंह चौधरी रहे वहीं विशेष अतिथि के रूप में संकल्प फाउंडेशन के संरक्षक तथा मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रोहित आर्या के साथ कार्यक्रम की अध्यक्षता संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष केसर सिंह चौधरी ने की ।
मुख्य मार्गदर्शन नव चयनित आईपीएस अधिकारी आयुष स्वामी एवं इंदौर के प्रोफेसर आनंद द्वारा प्रदान किया गया, अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में आईपीएस अधिकारी आयुष स्वामी एवं प्रोफेसर आनंद ने विद्यार्थियों को बताया कि संघर्ष, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय लगातार प्रयास करने वाले विद्यार्थी निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करते हैं ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति सेवानिवृत्त रोहित आर्या ने भारतीय दर्शन एवं चिंतन पर प्रकाश डाला, उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में मानवीय मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यदि व्यक्ति नैतिकता और मानवीय मूल्यों के साथ आगे बढ़ता है तो उसे सफल होने से कोई नहीं रोक सकता ।
मुख्य अतिथि सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत ही सफलता की असली चाबी है, उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया साथ ही सांसद ने “सांसद शैक्षिक भ्रमण योजना” के अंतर्गत बच्चों को प्राकृतिक एवं राष्ट्रीय धरोहर स्थलों का निशुल्क भ्रमण कराने की घोषणा भी की ।
इस अवसर पर पिपरिया के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षाविद, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा ।
अंत में कार्यक्रम के अध्यक्ष केसर सिंह चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया ।












