( पंकज पाल संवाददाता )
नर्मदापुरम – फॉरेस्ट अधिकारी पिपरिया आशीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पिपरिया पचमढी मार्ग में दिनांक 19 एवं 20 जून की रात स्थानीय नागरिकों द्वारा वन्यप्राणी बाघ/तेन्दुआ के दिखाई देने संबंधी सूचना प्राप्त हुई है, प्राप्त सूचना के अनुसार रात्रि एवं प्रात:कालीन समय में बाघ/तेन्दुआ सड़क के समीप एवं आसपास के वन क्षेत्र में देखा गया सूचना प्राप्त होते ही सतपुड़ा टाईगर रिजर्व के वन अमले द्वारा तत्काल मौके पर पहुँचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया निरीक्षण में तेन्दुए की उपस्थिति की पुष्टि हुई है साथ ही क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है, उक्त क्षेत्र में तेन्दुआ जैसे अन्य वन्यजीवों का आवागमन एवं विचरण होता है, सतपुड़ा टाईगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा स्थानीय नागरिकों से उक्त मार्ग पर आवागमन में विशेष सतर्कता बरतने एवं साथ ही सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है ।
सतपुड़ा टाईगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा रात्रिकालीन गश्त एवं जनजागरूकता की गतिविधियों को सुदृढ किया जा रहा है, ताकि मानव वन्यजीव संघर्ष की संभावनाओं को टाला जा सके ।

वही इस खबर पर सवाल उठता है कि विगत रात्रि के समय जब कार चालक सुजीत पटवा को जब बाघ दिखाई दिया था तो उनके द्वारा फॉरेस्ट नाका झिरिया में पहुंच कर रात करीब 2 बजे कर्मचारियों को जानकारी दी थी, इस दौरान मोटर साइकिल सवार दंपति भी बाल बाल बचे थे उसके बाबजूद कर्मचारियों द्वारा अपने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देना मुनासिब नहीं समझा, हमारे द्वारा यह जानकारी एसडीओ फॉरेस्ट आशीष कुमार को दी गई थी, अगर उस रात कोई दुर्घटना घट जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होता, वही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को चाहिए कि ऐसे कर्मचारियों पर कार्यवाही करे जिससे भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति ना हो ।













