( पंकज पाल संवाददाता )
पिपरिया – प्रदेश सरकार द्वारा मूंग उपज की 25 प्रतिशत खरीदी के आदेश से आक्रोशित पिपरिया विधानसभा क्षेत्र के किसान कल सड़क पर उतरेंगे सरकार की किसान विरोधी नीतियों के विरोध में दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक होटल गीतांजलि के सामने शोभापुर रोड पिपरिया में विशाल हल्ला बोल धरना, प्रदर्शन एवं किसान आंदोलन आयोजित किया जाएगा ।
कांग्रेस पार्टी से पिपरिया विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रहे हरीश बेमन ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी एवं किसान कांग्रेस कमेटी, पिपरिया, बनखेड़ी, मटकुली एवं चांदोन, पचमढ़ी के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आंदोलन में हजारों किसान शामिल होंगे, धरना प्रदर्शन के पश्चात किसान रैली के रूप में SDM कार्यालय, पिपरिया पहुंचकर राज्यपाल के नाम 6 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे ।
कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष उदय सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार के गलत फैसलों से अन्नदाता बर्बाद हो रहा है हमारी प्रमुख मांगें हैं कि मूंग की 25% खरीदी का आदेश निरस्त कर 100% उपज MSP पर खरीदी जाए, PM आशा योजना के तहत मूंग की खरीदी सुनिश्चित की जाए, 3 HP और 5 HP के पंपों पर 10 HP के बिल बंद हों, अतिरिक्त वसूली वापस हो, यूरिया, डीएपी, बीज और डीजल समय पर उपलब्ध कराए जाएं, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को 15 दिन में फसल बीमा राशि दी जाए, यदि 15 दिन में मांगें नहीं मानी गईं तो किसान प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन करेंगे ।
जानकारी के अनुसार इस आंदोलन में नर्मदापुरम जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी एवं पूर्व विधायक संजय शर्मा, किसान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष धर्मेन्द्र चौहान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पांडे, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय बाबू चौधरी और पिपरिया विधानसभा प्रभारी राजीव पालीवाल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे ।
आयोजकों ने पिपरिया विधानसभा क्षेत्र के समस्त किसानों एवं आमजन से अपील की वह अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आंदोलन को सफल बनाएं ।













