आशीष रावत…..पचमढ़ी में 2 नवंबर से कांग्रेस का जिला अध्यक्षों का बड़ा ट्रेनिंग कैंप शुरू होने जा रहा है…..
प्रदेश में संगठन सृजन अभियान के तहत जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब कांग्रेस पार्टी में बूथ स्तर पर पुनर्गठन की कवायद तेज हो गई है । पचमढ़ी में 2 से 11 नवंबर तक एमपी कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग होगी । ट्रेनिंग कैंप मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के अंतर्गत आने वाली होटल हाइलैंड में आयोजित किया जाएगा । पचमढ़ी ट्रेनिंग कैंप के दौरान प्रदेश के करीब एक हजार ब्लॉक अध्यक्षों के नामों की घोषणा करने की तैयारी है । कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी इस कैंप के अंतिम चरण में शामिल होंगे । उनके साथ पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, पवन खेड़ा, सचिन राव, सुप्रिया श्रीनेत और शशिकांत सेंथिल जैसे नेता प्रशिक्षण सत्रों का संचालन करेंगे ।
ट्रेनिंग कैंप का मुख्य फोकस…..
इस ट्रेनिंग कैंप का मुख्य फोकस कांग्रेस के भीतर की आपसी खींचतान और गुटबाजी को खत्म करना है । पार्टी इस मौके पर जिले स्तर पर संगठन को ज्यादा सक्रिय, सशक्त और जनसंपर्क केंद्रित बनाने की दिशा में काम करेगी । सभी जिला अध्यक्षों को यह सिखाया जाएगा कि वे कैसे स्थानीय स्तर पर जनता से जुड़े मुद्दों को पार्टी के राष्ट्रीय एजेंडे से जोड़ें और कांग्रेस की “भारत जोड़ो” विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाएं ।
27 साल पहले हुआ था तीन दिनों का शिविर….
1998 में पचमढ़ी में 4 सितंबर से 6 सितंबर तक कांग्रेस का तीन दिवसीय विचार मंथन शिविर आयोजित हुआ था । इस ट्रेनिंग कैम्प में देश भर के चुनिंदा 250 दिग्गज कांग्रेसी शामिल हुए थे । इस प्रशिक्षण का उद्घाटन कांग्रेस की तत्कालीन राष्टीय अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने किया था ।
राहुल गांधी की मौजूदगी से बढ़ेगा मनोबल…
पार्टी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और उत्साह दोनों बढ़ेंगे । कांग्रेस प्रदेश कमेटी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह सिर्फ ट्रेनिंग नहीं, बल्कि एकता और आत्मविश्वास का शिविर है । पार्टी अब नए जोश के साथ जनता के बीच उतरने को तैयार है.













