( पंकज पाल संवाददाता  )

 

 

नर्मदापुरम- जिले के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व वन परिक्षेत्र मटकुली के बीट नयाखेड़ा कक्ष क्रमांक 460 में दिनांक 04.04.2026 की सायंकाल दो बाघों के दहाड़ने की तेज आवाज सुनाई दी जिस पर वनरक्षक नयाखेड़ा परिक्षेत्र सहायक एवं अन्य उपस्थित स्टाफ द्वारा उस क्षेत्र के आसपास गश्ती की गई रात्रि में वहां से मौका स्थल के पास जाकर देखा गया तो एक शावक मृत पाया गया, रात्रि होने के कारण मौका स्थल की निगरानी की गई तथा दूसरे दिन मौका स्थल का निरीक्षण करने पर बाघों के आपसी संघर्ष के स्पष्ट साक्ष्य प्राप्त हुए तथा एक नर बाघ शावक का शव पाया गया, घटनास्थल के आसपास सूक्ष्म निरीक्षण करने पर अन्य बाघों की उपस्थिति के भी साक्ष्य प्राप्त हुए ।

 

 

 

 

क्षेत्र संचालक, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व नर्मदापुरम, सहायक संचालक (पिपरिया एवं पचमढ़ी), तहसीलदार पिपरिया तथा NTCA के प्रतिनिधि की उपस्थिति में निर्धारित SOP के अनुसार समस्त आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर नर शावक का शव परीक्षण कराया गया एवं तत्पश्चात नियमानुसार शवदाह किया गया, शव परीक्षण डॉ. गुरुदत शर्मा (सतपुड़ा टाइगर रिजर्व) एवं डॉ. अमित ओद (रातापानी टाइगर रिजर्व) ‌द्वारा किया गया, परीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि शावक की मृत्यु किसी अन्य मांसाहारी वन्यजीव के हमले से हुई है, शावक की आयु लगभग चार माह पाई गई तथा उसके शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए, मौका स्थल पर मादा एवं नर बाघ के पद‌चिह्न मिलने के आधार पर प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि शावक को अन्य बाघ द्वारा मारा गया है ।