( पंकज पाल संवाददाता )
पिपरिया – श्रीमद भागवत कथा में गूंजे कृष्ण जन्मोत्सव के जयकारे, श्रद्धालु भक्ति में हुए भावविभोर होते हुए आनंद की प्राप्ति की ।
महाकाली मंदिर समिति एवं श्री हनुमान व्यायाम शाला समिति के तरुण सिलावट ने बताया कि महाकाली मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है 17 मई से प्रारंभ हुई कथा का आयोजन 23 मई तक चलेगा, कथा के चौथे दिन श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए ।
व्यास गादी से पंडित अनिल मिश्रा ने समुद्र मंथन प्रसंग का वर्णन करते हुए लक्ष्मी अवतार की कथा सुनाई, उन्होंने बताया कि समुद्र मंथन से माता लक्ष्मी प्रकट हुईं और भगवान विष्णु को वरण कर संसार में सुख-समृद्धि का संदेश दिया इसके साथ ही भगवान विष्णु के वामन अवतार का वर्णन करते हुए राजा बलि से तीन पग भूमि मांगने की कथा सुनाई जिसे श्रद्धालुओं ने बड़े भाव से सुना, कथा के दौरान मत्स्य अवतार, राम अवतार एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्म की कथा का भी भावपूर्ण वर्णन किया गया, भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग आते ही पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ धूमधाम से कृष्ण जन्मोत्सव मनाया ।
पंडित अनिल मिश्रा ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में श्रीमद भागवत कथा का आयोजन एवं उसका श्रवण करना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है कथा सुनने से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति और पुण्य लाभ प्राप्त होता है, उन्होंने लोगों से धर्म और संस्कारों से जुड़े रहने का संदेश दिया ।
कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं, आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं भी की गई हैं ।













