( पंकज पाल संवाददाता  )

 

 

पिपरिया – कांग्रेस पार्टी से पिपरिया विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रहे हरीश बेमन ने बताया कि पिपरिया तहसील के ग्राम सांडिया, सर्रा, सिवनी, सेमरी किशोर, पचलावरा, माथनी, सेमरीतला, कांठी, सुरेला, बुधनी सहित पिपरिया तहसील के कई ग्रामों में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है इसके कारण अन्नदाता किसान गहरे संकट में है ।रबी फसल कट चुकी है और मूंग की बोनी के लिए किसानों के पास बहुत कम समय है खेत तैयार करने हेतु तुरंत पानी की सख्त आवश्यकता है परंतु बिजली ना मिलने से बुवाई पिछड़ रही है, दिन-रात अकारण अघोषित विद्युत कटौती जारी है बिजली आती भी है तो वोल्टेज इतना कम रहता है मोटर पंप चल ही नहीं पा रहे हैं जिससे सिंचाई पूर्णतः ठप है, कई ग्रामों में खेतों के ट्रांसफार्मर जले पड़े हैं बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग द्वारा विद्युत ट्रांसफर बदले नहीं जा रहे, जिससे ट्यूबवेल बंद हैं, गांव-गांव, घर-घर, खेत-खेत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी हजारों रुपए के बिल वसूल रहे हैं किसान बिल जमा भी कर रहे हैं परंतु विद्युत वितरण कम्पनी समय पर विद्युत सप्लाई नहीं कर रही हैं उक्त कारणों से क्षेत्र के सैकड़ों किसान बर्बादी की कगार पर हैं और उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है ।

 

इस गंभीर समस्या के निराकरण हेतु ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पिपरिया के अध्यक्ष नरेन्द्र दुबे के नेतृत्व में क्षेत्र के पीड़ित किसानों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा आज म.प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लि. के कार्यालय ग्राम सांडिया पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया ।

 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीई पिपरिया एवं नायब तहसीलदार पिपरिया से अनुरोध कर उनके समक्ष स्पष्ट मांग रखी है कि किसानों को हो रहे नुकसान को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्यवाही करें और तीन दिवस के भीतर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए एवं क्षेत्र के सभी जले ट्रांसफार्मर बदलकर किसानों की समस्या का स्थायी निराकरण किया जाए यदि उक्त अवधि में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो अन्नदाता किसानों को न्याय दिलाने हेतु कांग्रेस पार्टी विद्युत वितरण कम्पनी एवं शासन-प्रशासन के विरुद्ध अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन व आंदोलन करने को बाध्य होगी जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन- प्रशासन एवं म.प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लि. की होगी ।

 

किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन देने वालों मे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र दुबे, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शरद चौधरी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हरीश बेमन, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देवेन्द्र पटेल, चौधरी कमलेश सिंह, प्रसन्न दीखत, राजकुमार पटेल, रामेश्वर पटेल, लक्ष्मीनारायण सोनी, नगेन्द्र पटेल, सूरज पटेल, देवेन्द्र पटेल सुरेला कांठी, नरेन्द्र पटेल, सुनील पटेल, जगदीश पटेल बुधनी, राजू पटेल बुधनी, पंचायत कमेटी अध्यक्ष राजकुमार पुर्विया, खापरखेड़ा मंडलम अध्यक्ष नेपाल सिंह पटेल, चैन सिंह पटेल सोहजनी सहित कांग्रेस कार्यकर्तगण एवं किसान शामिल थे ।