आशीष रावत…..नर्मदापुरम में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, कृषि विभाग के उप संचालक जयराम हेडाऊ 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार…..

नर्मदापुरम जिले में कृषि विभाग के उपसंचालक को लोकायुक्त की टीम ने गिरफ्तार किया है । उपसंचालक ने एक खाद-बीज के दुकानदार से लाइसेंस बहाल करने के लिए 1 लाख रुपये और ब्लैक डॉग शराब की मांग की थी । कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई ।

क्या है पूरा मामला….
68 वर्षीय आवेदक राजनारायण गुप्ता, अपने भाई वीरेंद्र गुप्ता के ‘विनायक खाद बीज भंडार’ का संचालन देखते हैं। कुछ समय पहले दुकान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद उप संचालक कृषि जयराम हेडाऊ ने जांच के नाम पर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया था । लाइसेंस बहाली के लिए जब आवेदक हेडाऊ से मिले तो उन्होंने 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। आवेदक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक भोपाल दुर्गेश राठौर से की । शिकायत का सत्यापन होने के बाद आज ट्रैप की कार्रवाई की गई । कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथों पर रासायनिक परीक्षण भी कराया गया जो पॉजिटिव पाया गया । इसके बाद अधिकारी को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) 2018 की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है।