नीलेंद्र मिश्रा भोपाल ब्यूरो….मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर से चंदन के पेड़ों की चोरी की कोशिश करने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया विधानसभा के आसपास हाई लेवल सिक्योरिटी है इसके बावजूद चोरी की कोशिश ने विधानसभा की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं….

विधानसभा परिसर जिसे राज्य के सबसे हाई-लेवल सिक्योरिटी जोन में रखा जाता है। वहां से चंदन के पेड़ों की चोरी की कोशिश ने सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं। वर्तमान में सत्र चल रहा है। इस कारण परिसर के आस-पास सुरक्षाकर्मियों का भारी जमावड़ा रहता है। इस घटना ने अधिकारियों के माथे पर बल ला दिया है । जब विधानसभा पहुंचे अधिकारी-कर्मचारियों ने पार्किंग क्षेत्र में लगे चंदन के पेड़ों में से एक पेड़ को पूरी तरह कटा पाया । इतना ही नहीं, दो अन्य चंदन के पेड़ों पर भी आरी चलाने के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे इन पेड़ों को भी गंभीर नुकसान हुआ है। अज्ञात बदमाशों ने चंदन का पेड़ काटने की कोशिश तो की, लेकिन संभवतः भारी होने के कारण वे उसे ले जा नहीं पाए ।

 

 

क्या है पूरा मामला….
दरअसल गुरुवार की सुबह अधिकारी और कर्मचारी जैसे ही विधानसभा परिसर में पहुंचे, तो पार्किंग क्षेत्र के पास लगे चंदन के पेड़ों में से एक पेड़ पूरी तरह कटा हुआ मिला। दो और पेड़ों पर आरी चलाने के स्पष्ट निशान थे । अंदेशा है कि चोर बुधवार देर रात पेड़ काटकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पूरी तरह लकड़ी निकालने में असफल रहे । वारदात की सूचना मिलते ही एमपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा बनाया गया और पूरे परिसर की सुरक्षा जांच शुरू की गई । परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अंदर और बाहर के सुरक्षा कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है ।

 

विधानसभा की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल…..
मध्यप्रदेश विधानसभा में जब सल चल रहा होता है तो मध्यप्रदेश पुलिस के एक आईपीएस अधिकारी सुरक्षा के तौर पर तैनात किए जाते हैं। इसके साथ ही आधा सैकड़ा से अधिक जिला पुलिस और विशेष सशस्त्र पुलिस के जवान तैनात रहते हैं। एक भी व्यक्ति बिना अनुमति और प्रवेश पत्र के विधानसभा के अंदर प्रवेश नहीं कर सकता, लेकिन चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया, जिससे सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।