( पंकज पाल संवाददाता )
पिपरिया – शोभापुर रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे घूम रहे एक युवक को टक्कर मार दी हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया जिसका एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात दो युवक शोभापुर रोड पर सड़क किनारे टहल रहे थे इसी दौरान तेज गति से आ रही एक कार ने उनमें से एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया, घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक की मदद की और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है । पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन एवं चालक की तलाश की जा रही है ।
स्थानीय लोगों ने शोभापुर रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके ।













